इस्राईल के राष्ट्रपति ने अवैध अधिकृत फ़िलिस्तीनी इलाक़ों में इथियोपियाई मूल के यहूदियों के साथ भेदभाव की बात स्वीकार की है।
सोमवार को रियूवेन रिवलिन के कार्यालय ने एक बयान जारी करके स्वीकार किया है कि इथियोपियाई मूल के यहूदियों के विरोध प्रदर्शनों ने ज़ायोनी शासन में उनके साथ हो रहे व्यापक भेदभाव को उजागर कर दिया है। उल्लेखनीय है कि अवैध अधिकृत फ़िलिस्तीन में इथियोपियाई मूल के यहूदियों के विरोध प्रदर्शनों का सिलसिला जारी है। इस्राईली राष्ट्रपति ने स्वीकार किया है कि इथियोपियाई मूल के यहूदियों के साथ उचित व्यवहार नहीं किया जा रहा है। हालिया दिनों में तेल अवीव और बैतुल मुक़द्दस में इथियोपियाई मूल के यहूदियों ने अपने साथ हो रहे भेदभाव के ख़िलाफ़ बड़े पैमाने पर प्रदर्शन किए हैं। प्रदर्शनकारियों और इस्राईली पुलिस के बीच झड़पों में कई प्रदर्शनकारी घायल भी हो गए। इथियोपियाई मूल के यहूदियों ने इस्राईली पुलिस पर रंगभेद का आरोप लगाया है और कहा है कि यह पुलिस रंग के आधार पर अश्वेतों को आरोपी क़रार देती है।